भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवल )राजकीय बिड़ला महाविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 पर विज्ञान विभाग, रासेयो और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार के लिए प्रेरित किया गया।
प्राचार्य प्रो. मनीष गुप्ता ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा है। उन्होंने शिक्षा और तकनीक में विज्ञान की भूमिका बताते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डाला।
सहायक आचार्य डॉ. रासबिहारी सोनी ने ‘रमन इफेक्ट’ की खोज और उसके महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ही तार्किक क्षमता विकसित होती है।
नेहा सैनी ने विज्ञान दिवस की उत्पत्ति और इस वर्ष की थीम पर जानकारी देते हुए विज्ञान में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
रासेयो कार्यक्रम अधिकारी आयुष गुप्ता ने मंच संचालन करते हुए कहा कि संविधान में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना नागरिकों का मूल कर्तव्य है।
पोस्टर प्रतियोगिता में वर्षा नीम ने प्रथम, श्रद्धा तिलवाड़िया ने द्वितीय तथा दिव्या कारपेंटर और ज्योति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पदक और प्रशस्ति पत्र दिए गए।
कार्यक्रम में डॉ. नेमीचंद मीणा, डॉ. मनीषा वर्मा, प्रसादी लाल बैरवा, एकता शर्मा सहित स्टाफ व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


