भवानीमंडी में फागोत्सव की धूम: भजनों पर झूमे श्रद्धालु, फूलों की वर्षा से महका मंदिर परिसर


भवानीमंडी। श्री राधेश्याम मंदिर परिसर में शुक्रवार रात्रि को जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) एवं मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया। होली के रंगों और भक्तिरस से सराबोर इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, इसके बाद जैसे ही होली का प्रसिद्ध भजन “रंग मत डालो रे सांवरिया” गूंजा, पूरा पंडाल झूम उठा। महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ तालियां बजाकर और नृत्य कर उत्सव को यादगार बना दिया।
भजन गायक कृष्णकांत ओझा ने “आज बिरज में होली रे रसिया”, “होली खेलें रघुवीरा अवध में”, “अरी सखी आज रंग बरसे” तथा “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” जैसे एक से बढ़कर एक होली एवं कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति भाव में डुबो दिया। फूलों की वर्षा के बीच महिलाएं भजनों पर झूमती नजर आईं और पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस एवं रंगोत्सव के उल्लास से सराबोर हो गया।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष कृष्ण कुमार राठी सहित ट्रस्टी द्वारकादास पोरवाल, बालकिशन गुप्ता, पुरुषोत्तम पालीवाल एवं शिव खंडेलवाल ने जार के सदस्यों का दुपट्टा पहनाकर एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर स्वागत किया।

वहीं जार पदाधिकारियों ने भी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व अन्य ट्रस्टियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में जार के प्रदेश सचिव भंवर सिंह कुशवाह के अलावा जगदीश पोरवाल, तूफान सिंह, दिलीप श्रृंगी, किशोर तंवर, राहुल रावल सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फागोत्सव के इस आयोजन ने होली के पावन पर्व से पूर्व नगर में भक्तिमय वातावरण का संचार कर दिया। श्रद्धालुओं ने इसे सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक आनंद का अनूठा संगम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!