स
झालावाड़, 27 फरवरी। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के वरिष्ठ कार्मिक जगदीश प्रसाद शर्मा को उनकी 40 वर्ष की गौरवपूर्ण एवं निष्कलंक राजकीय सेवा पूर्ण होने पर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यालय परिसर में आयोजित सादगीपूर्ण एवं गरिमामय समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिले के पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति रही।
समारोह में वक्ताओं ने श्री शर्मा के चार दशकों के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सूचना के प्रभावी संप्रेषण, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि श्री शर्मा ने हर परिस्थिति में जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया तथा कार्यालय की गरिमा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पत्रकार साथियों ने भी उनके सकारात्मक और समन्वयकारी दृष्टिकोण की सराहना की। इस अवसर पर श्री शर्मा का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों एवं पत्रकार साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजकीय सेवा का यह सफर उनके जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है और वे इसे सदैव गर्व के साथ याद रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी हेमन्त छीपा, प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार त्रिवेदी, सूचना सहायक पूजा मीणा, विवेक शर्मा, रघुवीर शर्मा, मुकेश योगी, राहुल प्रजापति सहित प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
—00—

