ब
बारां। विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां के पूर्व जिला अध्यक्ष विष्णु दत्त नंदवाना ‘काका जी’ की पुण्य स्मृति में गुरुवार को स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन के सभागार में भावपूर्ण शोक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सादर श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीनदयाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि काका जी का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा। उन्होंने संगठन के विस्तार, संस्कारयुक्त शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सेवा, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक था।
पूर्व जिला अध्यक्ष गजानंद नागर ने काका जी के मार्गदर्शन में किए गए संगठनात्मक कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्या भारती ने जिले में नई ऊंचाइयां प्राप्त कीं। विद्यालय समिति अध्यक्ष हितेश बत्रा एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल मेहता ने उन्हें सरल, कर्मठ और दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए प्रेरक संस्मरण साझा किए।
जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि काका जी के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा का समापन सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।

