होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 250 लीटर मिलावटी दूध नष्ट‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान में खाद्य सुरक्षा दल की सख्ती


झालावाड़ (जगदीश पोरवाल)। होली पर्व से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने बड़ी कार्रवाई की है। पगारिया क्षेत्र में जब्त किए गए करीब 250 लीटर मिलावटी दूध को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद खान ने बताया कि जब्त दूध को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रार्थना पत्र पर विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए नष्ट किया गया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जांच रिपोर्ट आने तक एवं वैध लाइसेंस प्राप्त होने तक अधिग्रहित अन्य खाद्य पदार्थों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाए।

शिकायतों के बाद सख्त कदम

डॉ. खान ने बताया कि भवानी मंडी क्षेत्र के आसपास दूध में मिलावट की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर टीम को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 23 फरवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई के दौरान पगारिया क्षेत्र में संदिग्ध दूध को जब्त कर सैंपल प्रक्रिया पूर्ण की गई और बाद में दूध नष्ट कराया गया।

त्योहार से पहले सतर्कता बढ़ी

होली जैसे बड़े पर्व को देखते हुए जिलेभर में खाद्य सुरक्षा दल की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो और मिलावटखोरों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा एवं कंप्यूटर ऑपरेटर दिलीप कुमार भील की सक्रिय भूमिका रही।
संदेश साफ है — त्योहार पर मिलावट नहीं, शुद्धता ही प्राथमिकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!