मंदसौर में सनसनीखेज खुलासा: एसआईटी ने भय्यु लाला हत्याकांड का किया पर्दाफाश, पत्नी फरार


मंदसौर। जिले में 18 फरवरी को सामने आई संदिग्ध मौत की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस की एसआईटी टीम ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सुरजनी निवासी 42 वर्षीय वाहीद उर्फ भय्यु लाला की मौत दम घुटने से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई थी। मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मृतक की पत्नी फरार बताई जा रही है।

दम घुटने की कहानी निकली झूठी

18 फरवरी 2026 को सूचनाकर्ता याकूब पिता बाबर खान निवासी सुरजनी ने सूचना दी थी कि वाहीद उर्फ भय्यु लाला पुलिस के डर से पलंग पेटी में छिपा था, जहां दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल से कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत गोली लगने से हुई है।

हत्या का मामला दर्ज, एसआईटी गठित

पीएम रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 103(1), 238 (ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में एसआईटी टीम गठित की गई।

पूछताछ में खुलासा, पत्नी मुख्य आरोपी

एसआईटी ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मौके पर मौजूद संदेहियों से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना को मृतक की पत्नी रुकसाना ने अंजाम दिया। वहीं, सलमान खान और बबलु खान ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर घटना को दम घुटने से हुई मौत दर्शाने का प्रयास किया।

अवैध पिस्टल बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल जब्त कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी
सलमान खान पिता जमाल खान पठान, निवासी सुवासरा हाल मुकाम सुरजनी
बबलु खान पिता अब्दुल गनी पठान, निवासी सुरजनी
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

मुख्य आरोपी फरार

मामले की मुख्य आरोपी रुकसाना पति वाहीद उर्फ भय्यु वर्तमान में फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। एसआईटी टीम घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!