भवानीमंडी में 3 मार्च को ‘होली की धमाल’ : देशभर के चर्चित कवि बिखेरेंगे हंसी, व्यंग्य और देशभक्ति के रंग


भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) रंगों के पर्व होली पर इस बार भवानीमंडी में काव्य और उत्सव का भव्य संगम देखने को मिलेगा। भवानीमंडी व्यापार महासंघ के तत्वावधान में 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को रात्रि 7:30 बजे से श्री राधेश्याम मंदिर बगीची परिसर में भव्य “होली मिलन समारोह – होली की धमाल” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के ख्यातनाम कवि अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था एवं ध्वनि संयोजन को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जा रहा है ताकि श्रोता काव्य रस का भरपूर आनंद ले सकें।

आमंत्रित कवि गण

कार्यक्रम में मुंबई से सुनील व्यास, उज्जैन से हिमांशु बवंडर, इंदौर से रोहित झननाट एवं दिल्ली से चेतन चर्चित अपनी विशिष्ट शैली में हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और ओजपूर्ण कविताओं की प्रस्तुति देंगे। चारों कवि देश के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए पहचान रखते हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस बार का कवि सम्मेलन “होली की धमाल, कवियों का कमाल” थीम पर आधारित रहेगा। मंच से ऐसी रचनाएं प्रस्तुत होंगी जो समाज में भाईचारे, प्रेम और सकारात्मकता का संदेश देंगी।

महिलाओं के बैठने की विशेष व्यवस्थाएं

महासंघ द्वारा कार्यक्रम में महिलाओं के बैठने की अलग व्यवस्था की गई है। समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। व्यापार महासंघ ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित पधारकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
महासंघ के संरक्षक डॉ. जे.के. अरोड़ा, संस्थापक अध्यक्ष राजेश नाहर, अध्यक्ष गिरीश सोनानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल सुरेका व गगनदीप सिंह होरा, महासचिव लक्की मारवाड़ी तथा कोषाध्यक्ष सौरभ बंसल सहित पूरी टीम आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह के अंतिम दिन भवानीमंडी नगर की सभी दुकानें बंद (अवकाश) रहती हैं। ऐसे में व्यापारियों और शहरवासियों में इस होली मिलन समारोह को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजकों ने संदेश दिया है—

“आओ मनाएं ऐसी होली, दिलों का फासला न हो,
फूलों सी खुशबू महके जीवन, मन में कोई गिला न हो।”
रंग, उमंग और काव्य की यह शाम भवानीमंडी के लिए यादगार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!