श्री राधेश्याम मंदिर में 5 दिवसीय होली महोत्सव: फागोत्सव से गैर यात्रा तक रंगारंग आयोजन


भवानीमंडी। शहर के प्राचीन श्री राधेश्याम मंदिर में इस वर्ष होली महोत्सव धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष कृष्ण कुमार राठी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक विभिन्न आयोजन संपन्न होंगे। हर दिन अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रमों से श्रद्धालु भक्तिरस और रंगोत्सव का आनंद लेंगे।

27 फरवरी 2026 (शाम 7:30 बजे) — फागोत्सव एवं भजन संध्या

होली महोत्सव का शुभारंभ फागोत्सव से होगा। मंदिर प्रांगण में पारंपरिक साज-सज्जा के बीच भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक श्रीकांत जी ओझा द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। श्रद्धालु फाग गीतों के साथ होली की शुरुआत करेंगे।

01 मार्च 2026 (प्रातः 10:30 बजे) — लड्डू होली

होली के उत्साह को बढ़ाते हुए ठाकुरजी के सान्निध्य में लड्डू होली खेली जाएगी। भक्तगण भगवान को लड्डू अर्पित कर आनंदपूर्वक लड्डुओं की वर्षा करेंगे। यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

02 मार्च 2026 (प्रातः 10:30 बजे) — पुष्प, गुलाल एवं रंगों की होली

सुबह मंदिर परिसर में पुष्प वर्षा, गुलाल एवं रंगों के साथ पारंपरिक होली खेली जाएगी। भक्तजन एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर भाईचारे और प्रेम का संदेश देंगे।

02 मार्च 2026 (सायं 7:00 बजे) — होलिका दहन

सायंकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत होलिका दहन किया जाएगा। श्रद्धालु परिवार सहित उपस्थित होकर बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व में सहभागिता निभाएंगे।

03 मार्च 2026 (प्रातः 9:30 बजे) — भव्य गैर यात्रा

महोत्सव का समापन भव्य गैर यात्रा से होगा। गैर यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक श्री पीयूष जी आचार्य (इंदौर) भजनों की प्रस्तुति देंगे। नगर में ढोल-नगाड़ों और गुलाल के साथ उत्सव का वातावरण रहेगा।
मंदिर ट्रस्ट ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर होली महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!