झालावाड़, 23 फरवरी । जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को मिनी सचिवालय में सख्त और स्पष्ट संदेश दिया गया। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला निष्पादन समिति की मासिक समीक्षा बैठक में साफ कहा गया—“जिले का एक भी विद्यालय अब पट्टा विहीन नहीं रहेगा।”
कलेक्टर ने सभी संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए कि वे आवश्यक दस्तावेजों सहित पट्टा फाइलें तत्काल तैयार कर संबंधित अधिकारियों को प्रस्तुत करें, ताकि भूमि संबंधी अटकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी हों।
पीएमश्री स्कूलों को 100% से ज्यादा अंक लाने का टारगेट
बैठक में पीएमश्री विद्यालय योजना के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों को रैंकिंग में शत-प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता, नवाचार और परिणाम आधारित शिक्षा पर विशेष फोकस किया जाए।
जन आधार प्रमाणीकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि बिना पूर्ण डेटा अपडेट के छात्रवृत्ति, पालनहार और अन्य डीबीटी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच पाएगा। सभी संस्था प्रधानों को 100% लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

बालिका शौचालय और पेयजल पर जीरो टॉलरेंस
कलेक्टर ने सभी विद्यालय भवनों में शौचालय—विशेषकर बालिका शौचालय—की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया गया। लर्निंग आउटकम सुधारने के निर्देश
जिले की शैक्षणिक रैंकिंग को प्रदेश में शीर्ष पर लाने का लक्ष्य तय करते हुए कलेक्टर ने शिक्षकों को उपचारात्मक शिक्षण के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों के स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान प्रखर 2.0 एवं निपुण राजस्थान की गतिविधियों को समयबद्ध पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को नियमित विद्यालय निरीक्षण कर निर्धारित मापदंडों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) भीम सिंह जाट, डाइट प्राचार्य रजनीगंधा सोनी, अति. जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) कल्याणमल वर्मा सहित समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पीएमश्री विद्यालयों के संस्थाप्रधान और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
