झालावाड़ 23 फरवरी। कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग, झालावाड़ की ओर से दिनांक 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11 बजे से सायं 3.00 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, झालावाड़ के परिसर में एक दिवसीय केम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि इस शिविर में जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। शिविर में स्वतंत्र माइक्रो फाइंस लि., कोटा, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स, भवानीमण्डी (जिला झालावाड़), आर.एस. सिक्योरिटी ग्रुप, जयपुर, भूमि टेक केयर, कोटा, श्रीराम फाइनेंस, झालावाड़ तथा भारतीय जीवन बीमा निगम, झालावाड़ द्वारा फील्ड ऑफिसर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, लर्नर, ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं फायरमैन सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदकों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं आई.टी.आई./डिप्लोमा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी नियत तिथि एवं स्थान पर अपने समस्त मूल दस्तावेज, उनकी छायाप्रतियां, आधार कार्ड, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो सहित उपस्थित होकर शिविर में भाग ले सकते हैं। इस शिविर के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
—00—

