गणपति जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, मंदिर समिति के 9 पदाधिकारी चुनावी बाड़ाबंदी में

14 से 25 सितंबर तक चलेगा 55वां श्री गणपति जन्मोत्सव एवं अनंत चतुर्दशी महोत्सव, 25 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल)
श्री आदिनाथ गणपति चौथ माता मंदिर में 55वें श्री गणपति जन्मोत्सव एवं श्री अनंत चतुर्दशी महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धार्मिक आयोजन 14 सितंबर से शुरू होकर 25 सितंबर तक चलेगा। आयोजन में प्रतिदिन आकर्षक एवं नवीन झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष बालमुकुंद मीणा ने बताया कि 14 सितंबर को प्रातः 8 बजे गणपति प्रतिमा की स्थापना एवं पूजन होगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे श्री गणपति जन्मोत्सव एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। 15 से 24 सितंबर तक प्रतिदिन रात 8 से 11 बजे तक नवीन आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन होगा।

22 सितंबर को रात 8 बजे महाआरती होगी। वहीं अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे गणेश मंदिर से विशाल शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण शुरू होगा। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गणेश मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

धार्मिक आयोजन की कमान पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाली

इस बार आयोजन के बीच एक अलग तरह की राजनीतिक स्थिति भी देखने को मिल रही है। हाल ही में 9 सितंबर को नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए हैं और 14 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित होने हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी में शहर से बाहर हैं।

ऐसे में मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी से जुड़े कार्यकर्ता धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। टगर मोहल्ला क्षेत्र के कार्यकर्ता भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें पूर्व अध्यक्ष बृजमोहन धारीवाल, मनोहर पोरवाल, बद्रीलाल मीणा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

मंदिर समिति के 9 सदस्य चुनाव मैदान में, पांच भाजपा तो चार कांग्रेस से

मंदिर समिति से जुड़े 9 पदाधिकारी एवं सहयोगी इस बार नगर निकाय चुनाव में भी सक्रिय रहे। इनमें से पांच ने भाजपा और चार ने कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा। खास बात यह है कि समिति के दो सदस्य वार्ड 37 में एक-दूसरे के सामने चुनाव मैदान में थे। यहां अमित पाटनी ने भाजपा तथा राकेश मकवाना ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा।

समिति से जुड़े पदाधिकारियों में कार्यकारिणी अध्यक्ष दुर्गाशंकर यादव, सलाहकार विनय आस्तोलिया, राकेश मकवाना, अखाड़ा प्रमुख अनिल मीणा, उपाध्यक्ष अमित पाटनी, अमित चतुर्वेदी, राकेश पारेता, वरुण मीणा तथा झांकियों में सहयोग करने वाले पुरुषोत्तम योगी शामिल हैं।

एक ओर मंदिर में गणपति जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर समिति से जुड़े पदाधिकारी चुनावी बाड़ाबंदी में हैं। ऐसे में धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाल ली है।

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

मंदिर समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से तन, मन और धन से सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 55वें गणपति जन्मोत्सव एवं अनंत चतुर्दशी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!