आ
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भवानीमंडी रेलवे स्टेशन पर मानसिक तनाव में भटक रहे एक यात्री को सुरक्षित संभालकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 12903 गोल्डन टेंपल मेल से मुंबई से दिल्ली की यात्रा कर रहा एक यात्री अचानक भवानीमंडी स्टेशन पर उतर गया। यात्री के अत्यधिक तनाव में होने की सूचना मिलते ही आरपीएफ चौकी के उपनिरीक्षक महाराज सिंह टीम के साथ प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचे और यात्री को सुरक्षित चौकी लेकर आए।
काउंसलिंग कर भाई को सौंपा
आरपीएफ टीम ने यात्री को शांत कराया और काउंसलिंग की। पूछताछ में यात्री की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 29 वर्षीय बबलू दास के रूप में हुई। इसके बाद आरपीएफ ने तुरंत उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। जब तक परिजन पहुंचे, यात्री को आरपीएफ की देखरेख में सुरक्षित रखा गया। भाई विपुल दास के भवानीमंडी पहुंचने पर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर यात्री को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

