भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव: नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ, 40 वार्डों में 105 प्रत्याशी मैदान में



भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) नगर पालिका चुनाव को लेकर 3 सितंबर को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। शहर के 40 वार्डों में अब कुल 105 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रह गए हैं। इसमें भाजपा के 40, कांग्रेस के 40, बहुजन समाज पार्टी का 1 तथा 24 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। अधिकांश वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखा जा रहा है। शहर के लगभग 32,600 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिसके बाद चुने हुए पार्षद ही नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।

नामांकन से नाम वापसी तक का लेखा-जोखा:

नामांकन दाखिल: 27 से 31 अगस्त के बीच 240 अभ्यर्थियों ने कुल 251 फार्म जमा किए थे।
जांच में निरस्त: जांच प्रक्रिया के दौरान 122 अभ्यर्थियों के फार्म खारिज हुए, जिसके बाद 127 वैध फार्म बचे।
अंतिम स्थिति: 3 सितंबर को नाम वापसी के पश्चात अब कुल 105 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।

4 सितंबर को होगा चुनाव चिन्हों का आवंटन:

सहायक रिटर्निंग अधिकारी अब्दुल हफीज एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी विनीत जैन ने जानकारी दी कि 4 सितंबर को सुबह 10:00 बजे उपखंड कार्यालय भवानीमंडी के सभा कक्ष में चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया है।

प्रचार ने पकड़ी रफ्तार, नेताओं का दलबदल जारी:

नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होते ही शहर में चुनाव प्रचार तेज़ हो गया है। प्रत्याशी व्यक्तिगत रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं से जनसंपर्क कर रहे हैं। इस बार पारंपरिक शोर-शराबे की जगह प्रत्याशी सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
इसके साथ ही, इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में नेताओं व कार्यकर्ताओं के पाला बदलने का दौर लगातार जारी है, जिससे चुनावी समीकरण रोचक मोड़ पर पहुंच गए हैं ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!