ट्रेन में चोरी के दो किशोर आरोपी सीसीटीवी की मदद से गिरफ्तार, सवा लाख का माल बरामद


कोटा, 2 सितंबर। ( जगदीश पोरवाल )पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘मिशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत सवाई माधोपुर स्टेशन पर ट्रेन में हुई चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 15 हजार रुपये मूल्य के आभूषण, स्मार्ट वॉच व अन्य सामान बरामद किया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि उधमपुर-इंदौर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22942) के एच-1 कोच से एक महिला यात्री का गुलाबी रंग का पर्स चोरी होने की शिकायत ‘रेल मदद’ के जरिए मिली थी। पर्स में तीन स्मार्ट वॉच, एक कलाई घड़ी, हीरे की अंगूठी, एटीएम व मेट्रो कार्ड सहित अन्य सामान रखा था।

शिकायत मिलते ही आरपीएफ सवाई माधोपुर की विशेष टीम ने स्टेशन व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मिले सुरागों के आधार पर दो संदिग्ध किशोरों को दबोच लिया गया और चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुद को दिल्ली के बवाना क्षेत्र के एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा बताया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में रेलवे स्टेशनों के आसपास डेरा डालकर रात की ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है।

दोनों किशोरों व बरामद संपत्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), सवाई माधोपुर के हवाले कर दिया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) के तहत दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में आरपीएफ सवाई माधोपुर के प्रभारी निरीक्षक मानसिंह, उप निरीक्षक मनोज कुमार, प्रधान आरक्षक कुलदीप सिंह, आरक्षक गौरव कुमार तथा आरपीएफ कोटा पोस्ट के उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी व आरक्षक सीताराम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!