क
McDonald’s, KFC और Domino’s जैसे बड़े ब्रांड्स की मिलेगी सुविधा
कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) रेलवे स्टेशनों पर यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने एक नई पहल की है। मंडल के 4 प्रमुख स्टेशनों के 5 अलग-अलग स्थानों पर ‘प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट’ शुरू करने के लिए ई-ऑक्शन (इलेक्ट्रॉनिक नीलामी) का आयोजन किया जा रहा है।
इस योजना के तहत McDonald’s, KFC, Pizza Hut, Domino’s, Burger King, Baskin Robbins, Haldirams और Bikanerwala जैसे अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय ब्रांडों के साथ-साथ प्रतिष्ठित स्थानीय/क्षेत्रीय ब्रांड्स को भी अपने स्टॉल खोलने का मौका मिलेगा। इससे लंबी और कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर युवाओं को स्टेशन पर ही मनपसंद फास्ट फूड और व्यंजन मिल सकेंगे।
इन स्थानों पर खुलेंगे आउटलेट:
- कोटा जंक्शन: प्लेटफॉर्म नंबर 02/03
- न्यू कोटा स्टेशन: प्लेटफॉर्म नंबर 01 साइड सर्कुलेटिंग एरिया
- सवाई माधोपुर जंक्शन: प्लेटफॉर्म नंबर 01 एवं 04
- भरतपुर जंक्शन: प्लेटफॉर्म नंबर 01
31 अगस्त को दोपहर 3 बजे से ई-ऑक्शन
प्रीमियम आउटलेट्स के आवंटन के लिए ई-ऑक्शन (कैटलॉग नंबर Pcatering-13-26) 31 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक और पात्र बोलीदाता भारतीय रेलवे के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल (www.ireps.gov.in) के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं। प्रक्रिया या नीलामी से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी के लिए मंडल वाणिज्य निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9001017975 पर संपर्क किया जा सकता है।
कोटा रेल मंडल की इस पहल से जहां एक ओर व्यस्त रेलवे स्टेशनों पर बड़े ब्रांड्स को लाखों यात्रियों तक अपनी पहुंच बनाने का व्यावसायिक अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर रेल यात्रियों को स्वच्छ और विविधतापूर्ण खान-पान के विकल्प उपलब्ध होंगे।

