न
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) स्थानीय नून हॉस्पिटल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डायलिसिस सुविधाओं का विस्तार किया गया है। शनिवार, 22 अगस्त 2026 को नून हॉस्पिटल के संरक्षक डॉ. जे.के. अरोड़ा और होटल नाहर पैलेस के राजेश नाहर ने विस्तारित डायलिसिस इकाई का औपचारिक शुभारंभ किया।
रजत सिटी हेल्थ केयर ग्रुप एवं अपेक्स किडनी केयर (मुंबई) के साझा सहयोग से डायलिसिस विभाग में 3 नई आधुनिक हीमो-डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही अस्पताल में डायलिसिस मशीनों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 15 हो गई है। नई मशीनों को स्थापित करने के लिए डायलिसिस यूनिट के पास ही एक नए हॉल का निर्माण भी किया गया है।
प्रतिदिन 45 से अधिक मरीजों को मिलेगा लाभ
मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रजत अरोड़ा ने बताया कि डायलिसिस के मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस विस्तार के बाद अब अस्पताल में प्रतिदिन 45 से अधिक मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी, जिससे प्रति माह 1200 से अधिक डायलिसिस सत्र आयोजित किए जा सकेंगे।
क्षेत्रीय एवं मध्य प्रदेश के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
अस्पताल के जन संपर्क अधिकारी प्रतापसिंह झाला ने जानकारी दी कि इस विस्तार से न केवल भवानीमंडी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को, बल्कि समीपवर्ती मध्य प्रदेश के मरीजों को भी काफी सुविधा होगी। डायलिसिस के लिए बड़े शहरों का रुख करने वाले मरीजों को अब नून हॉस्पिटल में ही सरकारी योजनाओं के तहत पूरी तरह निःशुल्क डायलिसिस सेवा उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि नून हॉस्पिटल में पिछले 10 वर्षों से अपेक्स किडनी केयर के सहयोग से अब तक 35,000 से अधिक डायलिसिस सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में गणमान्य चिकित्सकों की उपस्थिति
शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरीरूपम श्रीवास्तव, फिजिशियन डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. रईस खान, जनरल सर्जन डॉ. रीतू, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सविता दिनोदिया, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. निलोफर खान, डॉ. राहुल पाटीदार, डॉ. प्रिया, डॉ. अंजू पाटीदार, डॉ. जयनारायण सिंह, अपेक्स किडनी केयर के ऑपरेशन मैनेजर मोहम्मद साबिर, डायलिसिस इंचार्ज युवराज सिंह तथा समस्त डायलिसिस स्टाफ उपस्थित रहा।

