सावन के चौथे सोमवार पर निकलेगी बाबा भवानीश्वर महादेव की राजसी शाही सवारी, होगा अद्भुत ‘हरि-हर’ मिलन

श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर (मैला मैदान) से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी पालकी यात्रा

​भवानीमंडी ( जगदीश पोरवाल )सावन माह के पावन पर्व के उपलक्ष्य में श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर विकास ट्रस्ट द्वारा आगामी 24 अगस्त (सावन के चौथे सोमवार) को बाबा महाकाल श्री भवानीश्वर महादेव की भव्य एवं राजसी शाही सवारी धूमधाम से निकाली जाएगी।

​ट्रस्ट अध्यक्ष हरीश योगी ने बताया कि सोमवार प्रातः 09:30 बजे मैला मैदान स्थित श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर परिसर में बाबा महाकाल की विशेष पूजन-अर्चन व महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात भगवान शिव पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने और भगवान श्री हरि (विष्णु) से मिलने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

बारात के रूप में होगा ‘हरि-हर’ मिलन

सवारी का सबसे मुख्य आकर्षण ‘हरि-हर’ मिलन रहेगा। इस अवसर पर श्री राधेश्याम मंदिर से भगवान श्री हरि (विष्णु) का विशेष श्रृंगार कर उन्हें पालकी में सवार कर लाया जाएगा। बारह दुकान चौराहे पर भगवान ‘हर’ (शिव) और भगवान ‘हरि’ (विष्णु) का ऐतिहासिक व अद्भुत स्वागत-मिलन कराया जाएगा।

इन मार्गों से गुजरेगी शाही सवारी

शिव मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर शाही सवारी टगर चौराहा, स्टेशन तिराहा, बारह दुकान चौराहा (हरि-हर मिलन स्थल), शीला हॉस्पिटल, सिंधी मोहल्ला, पंचायत समिति, गर्ल्स स्कूल चौराहा, राजेंद्र बुक डिपो चौराहा, नेहरू पार्क, गुरुद्वारा, नवजीवन हॉस्पिटल, नई सब्जी मंडी, भराडिया चौराहा, भेरू चौराहा, मोटर मार्केट और कालका माता मंदिर से होते हुए पुनः श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर पहुंचेगी।

​यात्रा के समापन पर मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती का आयोजन होगा एवं महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

समस्त धर्मप्रेमियों को आमंत्रण

श्री भवानीश्वर शिवालय मंदिर विकास ट्रस्ट के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं, महिला मंडल एवं नगरवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अलौकिक मिलन के साक्षी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!