दिव्य मां भारती समिति द्वारा राजकीय बालिका स्कूल में 10 दिवसीय आत्मरक्षा एवं संस्कार शिविर का शुभारंभ

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )दिव्य मां भारती जन कल्याण सेवा समिति द्वारा स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं संस्कार शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।

​कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योति गुप्ता, उप प्राचार्य श्री दिनेश बाथरा एवं समिति अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजन किया।

स्वाभिमान और सुरक्षा का दिया संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए समिति सचिव श्री जगदीश पाटीदार ने छात्राओं को जीवन में आत्मरक्षा और संस्कारों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्वाभिमान और निडरता के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के दबाव व अत्याचार का डटकर मुकाबला करना चाहिए।

जंक फूड न खाने का दिलाया संकल्प

समिति के कोषाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गुप्ता ने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने जंक फूड, कुरकुरे और चिप्स जैसे हानिकारक खाद्य पदार्थों का सेवन न करने की सलाह देते हुए छात्राओं को इनसे दूर रहने का संकल्प (व्रत) दिलाया।

शारीरिक शिक्षिका संभालेंगी प्रशिक्षण की कमान

शिविर में बालिकाओं को आत्मरक्षा की बारीकियां सिखाने के लिए विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका श्रीमती सावित्री को मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है, जो 10 दिनों तक छात्राओं को विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराएंगी।

​कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गुप्ता एवं सचिव श्री जगदीश पाटीदार सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। मंच का सफल संचालन श्रीमती राज कुमारी मेघवाल द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!