भ
भैसोदामंडी /भैसोदा। ( जगदीश पोरवाल ) आगामी पावन नवरात्र पर्व को देखते हुए नगर परिषद भैसोदा द्वारा क्षेत्र के विभिन्न आरक्षित उद्यानों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। माता रानी की मूर्ति स्थापना और गरबा महोत्सव के आयोजनों को सुगम व स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से नगर के सभी पांचों निर्धारित स्थानों—शिव मंदिर गार्डन, लक्ष्मी नगर गार्डन, गांधी नगर गार्डन, तिरुपति नगर गार्डन और शिक्षक नगर गार्डन—की जेसीबी के माध्यम से मुस्तैदी से साफ-सफाई करवाई गई। यह कार्य पूर्व सरपंच श्याम गुर्जर एवं संबंधित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत हटाया गया अस्थायी अतिक्रमण
राष्ट्रव्यापी “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत नगर परिषद भैसोदा की टीम ने सफाई और व्यवस्था सुधार की दिशा में कड़े कदम उठाए हैं। नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा के नेतृत्व में गणेश जी की छतरी (भैसोदा) के सामने हो रहे अस्थायी अतिक्रमणों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत नालियों पर रखे टीन शेड, पड़े हुए पत्थर और लंबे समय से खड़े अस्थायी साधनों को मौके से हटवाया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा ने समस्त नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में परिषद का सहयोग करें और स्वच्छता अभियान को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

