​कोटा-रोलखुर्द खंड में 130 किमी/घंटे की रफ्तार से वंदे भारत आधारित सुपरफास्ट पार्सल ट्रेन का सफल विद्युत परीक्षण

​क

कोटा। जनसंदेश ( जगदीश पोरवाल )

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में देश की पहली वंदे भारत प्लेटफॉर्म आधारित फ्रेट ईएमयू (सुपरफास्ट पार्सल रेक) का तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कोटा से रोलखुर्द खंड के बीच आयोजित इस ट्रायल रन के दौरान ट्रेन को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की परीक्षण गति से चलाकर इसकी विद्युत और प्रणोदन (Propulsion) प्रणाली को परखा गया।

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन के अनुसार, इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य उच्च गति पर रेक की विभिन्न प्रणालियों की कार्यक्षमता, विश्वसनीयता और प्रदर्शन का आकलन करना था।

​परीक्षण के प्रमुख बिंदु:

  • रीजनरेटिव एनर्जी: ब्रेकिंग के दौरान उत्पन्न ऊर्जा की पुनर्प्राप्ति (Recovery) क्षमता का आकलन।
  • थर्मल क्षमता: तेज गति के दौरान विद्युत एवं प्रणोदन प्रणाली के तापीय सहनशीलता की जांच।
  • ट्रैक्शन एवं ब्रेकिंग प्रणाली: रेक की खींचने, ब्रेक लगाने की क्षमता और उनके आपसी समन्वय का मूल्यांकन।
  • जर्क टेस्ट (लोड कंडीशन): ट्रेन के अचानक गति पकड़ने या रुकने पर झटकों के प्रभाव और संचालन की सुगमता को मापा गया।

​विशेषज्ञ टीम की उपस्थिति:

​इस परीक्षण के दौरान कोटा मंडल के मुख्य लोको निरीक्षक वाई.के. शर्मा, लोको पायलट हरनाम सिंह, सहायक लोको पायलट निशेष सिंह और ट्रेन मैनेजर मुस्ताक अली ने ट्रेन का संचालन किया। वहीं, आरडीएसओ (RDSO) के शशिकांत यादव, आईसीएफ (ICF) चेन्नई के सुधांशु कुमार सहित नॉर-ब्रेम्स इंडिया और मेधा की विशेषज्ञ टीमें भी जांच के दौरान मौजूद रहीं।

​क्या हैं 16 कोच वाली इस पार्सल ट्रेन की खूबियां?

​तेज और सुरक्षित लॉजिस्टिक्स परिवहन के लिए डिज़ाइन की गई इस 16 कोच वाली फ्रेट ईएमयू में कई अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं:

  • ​आसान पार्सल लोडिंग के लिए रोलर फ्लोर सिस्टम
  • ​स्वचालित चौड़े स्लाइडिंग दरवाजे
  • ​तापमान-नियंत्रित रेफर (Reefer) सुविधा
  • सीसीटीवी निगरानी एवं अग्नि पहचान प्रणाली

​इस तकनीकी परीक्षण के सफल समापन के बाद, यह सुपरफास्ट पार्सल रेक भारतीय रेलवे में समयबद्ध, सुरक्षित और त्वरित पार्सल परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू करने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!