भ
भवानीमंडी। भारत विकास परिषद द्वारा भवानीमंडी में भारत विकास परिषद चिकित्सालय कोटा के सहयोग से एक दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन सीताराम अग्रवाल धर्मशाला में किया गया। दिवंगत श्रेणिक नाहर की स्मृति में नाहर परिवार के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में 109 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 23 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन हुआ।
शिविर का शुभारंभ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. नेहा जैन, प्रांतीय समन्वयक ओमप्रकाश चतुर्वेदी, खाद्य व्यापार जिलाध्यक्ष राजेश नाहर एवं नाहर परिवार के दिनेश, आदित्य, विजय, चैतन्य, आयुष व अभय नाहर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि शिविर में आए सभी 109 मरीजों की आंखों की गहन जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके बाद ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच में उपयुक्त पाए गए 23 चयनित मोतियाबिंद मरीजों को विशेष बस द्वारा कोटा भेजा गया, जहां भारत विकास परिषद चिकित्सालय में उनका नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
इस अवसर पर हाल ही में पालिका चुनाव में वार्ड पार्षद चुने जाने पर परिषद के क्षेत्रीय सचिव हिमांशु चतुर्वेदी का माला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश गुप्ता दलाल ने किया।
शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता एवं सचिव संदीप राठौर ने जानकारी दी कि पिछले 14 वर्षों से लगातार चलाई जा रही इस नेत्र चिकित्सा शिविर श्रृंखला का यह 147वां शिविर था। इस सेवा यात्रा के तहत अब तक कुल 32,683 मरीजों की जांच की जा चुकी है और रिकॉर्ड 10,070 मरीजों के मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन कराए जा चुके हैं।
शिविर के आयोजन में शाखा संरक्षक गोविंद भराड़िया, शिविर प्रभारी महेश शर्मा, उमाशंकर पोरवाल, दामोदर शुक्ला, सुमित सिंह छाबड़ा, मनोज अग्रवाल, अमित गुप्ता, हितेश नाहर, रितेश नाहर एवं मनमोहन जायसवाल का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों के अनुसार अगला नेत्र शिविर 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

