आ
भवानीमंडी। बुधवार को नगर पालिका में आयोजित पट्टा कार्यक्रम के उपरांत झालावाड़ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने उपस्थित नागरिकों से भवानीमंडी नगर की विभिन्न समस्याओं पर सीधी चर्चा की।
चर्चा के दौरान स्थानीय निवासी सुमित सेठिया ने शहर में आए दिन सड़कों पर होने वाली सांडों की लड़ाई और उससे होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर ने मौके पर ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) शंभू दयाल मीणा से शहर में मौजूद आवारा सांडों ( नंदी ) की संख्या के बारे में जवाब तलब किया।
EO द्वारा सांड पकड़ने का पुराना ठेका समाप्त होने की बात कहे जाने पर, जिला कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि नगर में घूम रहे सभी सांडों की तत्काल गिनती कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि झालावाड़ से टीम भेजकर सभी सांडों को पकड़वाने की व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान तहसीलदार अब्दुल हफीज ने भी जनहित की इस गंभीर समस्या को उठाने के लिए सुमित सेठिया के प्रयास की सराहना की।
अ

अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम पर सख्त रुख
बैठक में अनवर चौधरी ने भवानीमंडी में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या से जिला कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर जिला कलेक्टर ने कहा कि जब प्रशासन मैदान में उतरेगा, तो अतिक्रमण और ट्रैफिक की समस्या का तुरंत समाधान हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई के दौरान बीच-बचाव के लिए नगर के प्रतिनिधि और व्यापार संघ ही आगे आते हैं। इसलिए व्यापार संघ आपस में बैठक कर निर्णय कर ले और प्रशासन को अवगत करा दे, जिसके बाद महज एक दिन के भीतर दोनों समस्याओं का हल दिया जाएगा।
एसडीएम पर ली चुटकी
कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मजाकिया अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि जब एसडीएम श्रद्धा गोमे भवानीमंडी में पदस्थापित होकर आई थीं, तब वे स्वभाव से सिर्फ “मंडी” थीं, लेकिन अब कार्यशैली में वे “भवानी” भी हो गई हैं। उनके इस बयान पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े।
