भ
कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और डग विधायक कालूराम मेघवाल ने वितरित किए पट्टे
जगदीश पोरवाल
भवानीमंडी। नगर पालिका भवानीमंडी में आयोजित फॉलोअप शहरी सेवा शिविर के दौरान 62 पात्र परिवारों को उनकी भूमि के स्वामित्व पट्टे वितरित किए गए। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और डग विधायक कालूराम मेघवाल ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को ये पट्टे सौंपे।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि पट्टा केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की स्थिरता का आधार है। इससे परिवारों को बैंक ऋण, आवास योजना और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्र के हर पात्र परिवार को चिह्नित कर पट्टे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान डग विधायक कालूराम मेघवाल ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क निर्माण, ओवरब्रिज, राजगढ़ योजना तथा आहू नदी से पीपलाद नदी तक पानी पहुंचाने के कार्य प्रगति पर व प्रस्तावित हैं। साथ ही स्टेडियम और उप जिला चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन की जानकारी दी और बताया कि भवानीमंडी को 8-लेन सड़क से जोड़ने की स्वीकृति मिल चुकी है जिसका कार्य शीघ्र शुरू होगा।
भवानीमंडी में बारिश के बीच निकली तिरंगा रैली
भवानीमंडी। फॉलोअप शहरी सेवा शिविर के समापन के बाद नगर पालिका क्षेत्र में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद स्थानीय नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों में जबरदस्त देशभक्ति और उत्साह देखा गया।
डग विधायक कालूराम मेघवाल और जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे आमजन के साथ पैदल चले। रैली के दौरान पूरा शहर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “हर घर तिरंगा” के जयघोषों से गूंज उठा।
जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और देश की एकता व अखंडता का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस रैली में बीडीओ संपतलाल मीणा, एसडीएम श्रद्धा गोमे, तहसीलदार अब्दुल हफीज, पूर्व नपा अध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पिंकी गुर्जर, ईओ शंभू दयाल मीणा, मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन, सुनिश दीक्षित संदीप पोरवाल, रंजीता पांडे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।


