आईआईटी रोपड़ में भवानीमंडी की बेटी प्रियांशी गुप्ता का परचम, मिला इंस्टीट्यूट सिल्वर मेडल ,

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) नगर की होनहार बेटी प्रियांशी गुप्ता ने आईआईटी रोपड़ (पंजाब) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। एमएससी (फिजिक्स) की छात्रा प्रियांशी ने अपनी कक्षा में सर्वोच्च सीजीपीए (उच्चतम संचयी ग्रेड प्वाइंट) हासिल कर ‘इंस्टीट्यूट सिल्वर मेडल’ अपने नाम किया है। प्रियांशी गुप्ता का वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करने का लक्ष्य है ।

​मेड़तवाल समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि भवानीमंडी निवासी चौथमल गुप्ता एवं शासकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय गुराडिया जोगा की शिक्षिका लिलेश गुप्ता की सुपुत्री प्रियांशी ने यह उपलब्धि अपनी कड़ी मेहनत के बल पर हासिल की है।

बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं प्रियांशी

प्रियांशी की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमता। हाल ही में उन्होंने सीएसआईआर यूजीसी नेट (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) परीक्षा ऑल इंडिया 104वीं रैंक के साथ उत्तीर्ण कर पीएचडी एवं सहायक व्याख्याता (Assistant Professor) की पात्रता हासिल की है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2015 में नई दिल्ली में आयोजित ‘यूसी मैस अबेकस’ की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 57 देशों के प्रतिभागियों के बीच प्रियांशी ने विश्व स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करने का लक्ष्य

प्रियांशी के पिता चौथमल गुप्ता और माता लिलेश गुप्ता ने बताया कि प्रियांशी का सपना एक सफल वैज्ञानिक बनकर भौतिक विज्ञान (Physics) के क्षेत्र में देश के लिए शोध और अनुसंधान कार्य करना है।

समाज और नगरवासियों ने जताई खुशी

प्रियांशी की इस ऐतिहासिक सफलता पर मेड़तवाल समाज के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, उपाध्यक्ष गोविंद गुप्ता व ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव बालचंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष मांगीलाल गुप्ता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मंगला गुप्ता, मेघा गुप्ता व दिलीप गुप्ता सहित महिला मंडल अध्यक्ष कामाक्षी गुप्ता और नवयुवक संघ अध्यक्ष जयेश गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए प्रियांशी और उनके परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!