झालावाड़ जिले में 9 से 15 अगस्त तक धूमधाम से मनाया जाएगा ‘हर घर तिरंगा अभियान’, प्रभात फेरी और रैलियों से गूंजेगा जिला

झालावाड़। ( जगदीश पोरवाल ) स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झालावाड़ जिलेभर में 9 से 15 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा अभियान” का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। इसमें सरकारी विभागों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और आमजन की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

​अभियान के तहत जिले में ग्रामीण और शहरी स्तर पर 9 से 17 अगस्त के बीच विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

  • 9 अगस्त (तिरंगा प्रभात फेरी): अभियान की शुरुआत सुबह 8 से 11 बजे तक प्रत्येक गांव और ढाणी में प्रभात फेरी से होगी।
  • 10 अगस्त (तिरंगा रैलियां): पंचायतों में ई-बाइक, साइकिल और ट्रैक्टर रैलियों के जरिए “हम एक साथ हैं” का संदेश दिया जाएगा।
  • 11 व 12 अगस्त (प्रदर्शनी व मेला): शहरी निकायों व ग्राम पंचायतों में तिरंगा और वंदे मातरम् प्रदर्शनी तथा मेलों का आयोजन होगा, जिसमें तिरंगे के इतिहास और राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा।
  • 13 से 17 अगस्त (सजावट व कैनवास): प्रमुख सरकारी कार्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम पर एलईडी लाइटिंग, रंगोली और दीप सज्जा की जाएगी। साथ ही, विभिन्न स्थलों पर ‘तिरंगा कैनवास’ लगाए जाएंगे, जिन पर नागरिक हस्ताक्षर कर राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता जताएंगे।
  • 14 अगस्त (सांस्कृतिक संध्या व सम्मान): पंचायतों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
  • 15 अगस्त (ध्वजारोहण व शपथ): स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को देश की एकता और तिरंगे के सम्मान की शपथ दिलाई जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

​जिला प्रशासन ने आमजन से अपने घरों व संस्थानों पर तिरंगा फहराने, पोर्टल पर ‘तिरंगा वालंटियर’ के रूप में पंजीकरण करने और तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की है।

नोट- चित्र AI द्वारा बनाया गया काल्पनिक है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!