भवानीमंडी: सावन माह में श्री भवानीश्वर शिवालय में सजेंगी विशेष झांकियां, 24 अगस्त को निकलेगी भव्य राजसी शाही सवारी

भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल)।

सावन माह के पवित्र अवसर पर श्री भवानीश्वर शिवालय मन्दिर विकास ट्रस्ट, भवानीमंडी द्वारा व्यापक तैयारियों की जा रही हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष हरीश योगी एवं संरक्षक डॉ. जे.के. अरोड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सावन माह के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों और राजसी शाही सवारी की जानकारी दी।

​गुरु पूर्णिमा से हुई सावन उत्सव की शुरुआत

​ट्रस्ट अध्यक्ष हरीश योगी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन महोत्सव का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा से हो चुका है, जो रक्षाबंधन तक चलेगा। मन्दिर परिसर में संरक्षक डॉ. जे.के. अरोड़ा एवं ट्रस्ट के सदस्यों व श्रद्धालुओं द्वारा ध्वज पूजन, महाआरती तथा प्रसादी वितरण के साथ सावन माह का शुभारंभ किया गया।

​इस दौरान भगवान महादेव का विशेष श्रृंगार, गुरु पूर्णिमा पूजन, मासिक शिवरात्रि, नागपंचमी, हरियाली अमावस्या तथा सावन के चार सोमवारों पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। रक्षाबंधन तक मन्दिर में प्रतिदिन साधारण व विशेष श्रृंगार किया जाएगा।

​24 अगस्त को निकलेगी भव्य राजसी शाही सवारी

​सावन के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त 2026 को प्रातः 9:30 बजे मन्दिर परिसर से देवाधिदेव भवानीश्वर महादेव की परम्परगत राजसी शाही सवारी बड़े धूमधाम से निकाली जाएगी।

शाही सवारी के मुख्य आकर्षण:

  • चल झांकियां व इवेंट कलाकार: बाहर से आए इवेंट कलाकारों द्वारा विशेष एवं आकर्षक चल झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी।
  • बैंड-बाजे व उज्जैन के ढोल: उज्जैन के प्रसिद्ध ढोल-नगाड़ों की थाप और बैंड-बाजे सवारी की शोभा बढ़ाएंगे।
  • हाथी-घोड़े व तोप: लवाजमे में हाथी-घोड़े शामिल रहेंगे तथा पुष्प वर्षा तोप व कड़ाबिन तोप से भव्य स्वागत किया जाएगा।
  • हरि-हर मिलन: दोपहर 1:00 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने विशेष “हरि-हर मिलन” कार्यक्रम एवं आरती का आयोजन होगा।

​नगर भ्रमण के दौरान भगवान भवानीश्वर महादेव पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हालचाल जानने निकलेंगे। सवारी पुनः मन्दिर परिसर पहुंचने के बाद संध्या आरती और महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

​दर्शनार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था

​ट्रस्ट द्वारा सावन माह के दौरान आने वाले महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजन, दर्शन और प्रसादी वितरण हेतु अलग-अलग बैरिकेट्स (कतारों) की सुचारू व्यवस्था की गई है।

​ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. जे.के. अरोड़ा और अध्यक्ष हरीश योगी ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने और पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!