र
भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल )शहर के प्रमुख धार्मिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र राधेश्याम मंदिर की गली, जिसे सर्राफा बाजार के नाम से भी जाना जाता है, इन दिनों सड़क के अधूरे निर्माण कार्य के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गली में पेवर ब्लॉक हटाकर केबल लाइन डालने का कार्य किया गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद पेवर ब्लॉक दोबारा नहीं लगाए गए। इससे हल्की बारिश होते ही पूरी गली कीचड़ और फिसलन से भर जाती है।
स्थानीय सर्राफ व्यवसायी दीपक सोनी ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से यही स्थिति बनी हुई है। थोड़ी सी बारिश में ही गली कीचड़ में बदल जाती है, जिससे दुकानों पर आने वाले ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्राहक और राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं। ( जनसंदेश )
उन्होंने बताया कि राधेश्याम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग महिला एवं पुरुष फिसलन के कारण हादसे का शिकार होने की आशंका के बीच मंदिर तक पहुंच रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि सर्राफा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र होने के साथ-साथ धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद केबल डालने के बाद सड़क को पूर्ववत नहीं किया गया, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ( जनसंदेश )
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पेवर ब्लॉक दोबारा लगाकर सड़क को व्यवस्थित किया जाए, ताकि बाजार और मंदिर आने वाले लोगों को राहत मिल सके। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि कई बार समस्या सामने आने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।

