14 वर्षों से जारी निशुल्क सेवा: मोतियाबिंद ऑपरेशन का आंकड़ा 10,000 के पार
भवानीमंडी। भारत विकास परिषद भवानीमंडी शाखा द्वारा स्वर्गीय अमोलकचंद सांवला की स्मृति में सांवला परिवार के सौजन्य से निशुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। सीताराम अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित इस शिविर में 74 मरीजों के आंखों की जांच की गई, जिनमें से 26 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया।
इस शिविर के साथ ही भारत विकास परिषद द्वारा पिछले 14 वर्षों से चलाए जा रहे नेत्र चिकित्सा अभियान ने 10,000 निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशनों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ नेत्र चिकित्सक डॉ. नेहा जैन, प्रायोजक विशाल सांवला, अमन सांवला, प्रांतीय समन्वयक ओम प्रकाश चतुर्वेदी एवं शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सांवला परिवार का माल्यार्पण व प्रशस्ति पत्र देकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता (दलाल) ने किया तथा आभार अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने व्यक्त किया।
कोटा अस्पताल में होगा निशुल्क ऑपरेशन
शिविर में आए मरीजों की आंखों की जांच के साथ बीपी और शुगर का भी परीक्षण किया गया। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित 26 मरीजों को भोजन पैकेट देकर विशेष बस द्वारा भारत विकास परिषद के कोटा स्थित चिकित्सालय भेजा गया। जहाँ निशुल्क ऑपरेशन के उपरांत मरीजों को ससम्मान वापस भवानीमंडी लाया जाएगा। शिविर के दौरान अन्य सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
145वें कैंप के साथ बनाया कीर्तिमान
नेत्र चिकित्सा प्रभारी महेशचंद्र शर्मा, उमाशंकर पोरवाल एवं मनमोहन जायसवाल ने बताया कि परिषद द्वारा पिछले 14 वर्षों से लगातार चलाए जा रहे इस सेवा अभियान की यह 145वीं कडी थी। अब तक इन शिविरों के माध्यम से:
- कुल जांच: 32,457 मरीजों का निशुल्क परीक्षण
- कुल ऑपरेशन: 10,015 मरीजों का सफलता पूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन
शिविर के सफल आयोजन में प्रांतीय संयोजक हेमराज शर्मा, शाखा संरक्षक गोविंद भराड़िया, सचिव संदीप राठौर, शिविर प्रभारी उमाशंकर पोरवाल, मनमोहन जायसवाल, डी.के. गुप्ता, अमित गुप्ता, मनोज अग्रवाल, गुरभेजसिंह छाबड़ा और सीताराम नवाल सहित परिषद के अनेक सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

