क
शीर्ष राजस्व देने वाले भवानीमंडी स्टेशन और राजस्थान टेक्स्टाइल मिल की उपेक्षा से स्थानीय लोगों में निराशा
भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में यात्री सुविधाओं, रेल सेवाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श के लिए मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक 23 जुलाई को आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा करेंगे।
हालांकि, इस बैठक से पूर्व झालावाड़ जिले के रेल यात्रियों और व्यापारिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है, क्योंकि कोटा-नागदा खंड में राजस्व के मामले में शीर्ष पर रहने वाले भवानीमंडी और संपूर्ण झालावाड़ जिले से समिति में किसी भी स्थानीय व्यक्ति को जगह नहीं मिली है।
शीर्ष राजस्व के बावजूद प्रतिनिधित्व नहीं
भवानीमंडी रेलवे स्टेशन कोटा-नागदा रेलखंड के बीच यात्री और माल भाड़े की आय में पहले स्थान पर है। इसके बावजूद यहाँ के लोगों को यात्री गाड़ियों के ठहराव (स्टॉपेज) के लिए संघर्ष करना पड़ता है। झालावाड़-बारां संसदीय क्षेत्र से सांसद दुष्यंत सिंह की अनुशंसा पर श्री धीरज गुप्ता को नामित तो किया गया है, लेकिन वे कोटा के निवासी हैं।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समिति में जिले का ही कोई निवासी शामिल होता, तो वह भवानीमंडी की मूलभूत समस्याओं और मांगों को समिति के पटल पर अधिक मजबूती से रख पाता। इसके अलावा, क्षेत्र के सबसे बड़े उद्योग राजस्थान टेक्स्टाइल मिल (RTM) का भी कोई प्रतिनिधि इस समिति में शामिल नहीं है।जबकि संभाग के अन्य स्थानों से उद्योगों के प्रतिनिधि शामिल है ।
समिति में ये 18 सदस्य हैं शामिल
कोटा मंडल की इस 18 सदस्यीय परामर्शदात्री समिति में विभिन्न व्यावसायिक, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर सदस्य नामित किए गए हैं:
व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिनिधि: श्री अनुराग गर्ग (FORTI, भरतपुर), श्री मुकेश कुमार (चंबल फर्टिलाइजर्स, गडेपान), श्री प्रेम भाटिया (भाटिया एंड कंपनी, कोटा), श्री रणजीत कुमार (अडानी पावर, सालपुरा), श्री राजेंद्र चुंडावत (मंगलम सीमेंट, मोड़क), श्री देवकी नंदन बंसल (धान मंडी, बारां), श्री राजेश माथुर (ACC लिमिटेड, लाखेरी)।
जनप्रतिनिधियों व रेलवे की अनुशंसा: श्री धीरज गुप्ता (सांसद दुष्यंत सिंह की अनुशंसा पर), श्री संजय कुमार धाकड़ (सांसद डॉ. दामोदर अग्रवाल की अनुशंसा पर), श्री हरिओम अग्रवाल (सांसद हेमा मालिनी की अनुशंसा पर), श्री नंदन जैन (सांसद अनिल फिरोजिया की अनुशंसा पर), श्री शिव दत्त धाकड़ (रेलवे बोर्ड)।
सामाजिक एवं राज्य सरकार प्रतिनिधि: श्री योगेंद्र मणि कौशिक (अपना घर आश्रम, कोटा), श्री मोहम्मद हुसैन (वतन फाउंडेशन, सवाई माधोपुर), श्री मुकेश कुमार श्रृंगी (जल सेवा दल, रामगंज मंडी), श्री रमेश चंद्र नागर (दृष्टिहीन निःशक्तजन सेवा समिति, कोटा), श्रीमती कल्पना देवी एवं श्री पीयूष समारिया (परिवहन विभाग, राजस्थान सरकार)।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
23 जुलाई को होने वाली इस बैठक में समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन विकास, नई ट्रेनों के संचालन, ठहराव एवं स्थानीय जनहित से जुड़े सुझाव रेल प्रशासन के समक्ष रखेंगे। रेल प्रशासन इन प्रस्तावों की समीक्षा कर आगे की कार्यवाही तय करेगा।
फोटो – चित्र AI द्वारा बनाया गया काल्पनिक है ।

