अब नियोक्ता सीधे एप से ढूंढ सकेंगे श्रमिक, बेहतरीन काम करने वालों को ठेकेदार देंगे ज्यादा दाम, मिलेगी स्टार रेटिंग

झालावाड़ के मजदूरों को ऑनलाइन लेबर चौक से मिलेगा रोजगार

मुफ्त लंच और रहने की सुविधा का भी एप पर दिखेगा पूरा ब्योरा

झालावाड़, 20 जुलाई। ( जगदीश पोरवाल )अब मजदूरों को हर सुबह काम की तलाश में चौराहों पर खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राजस्थान में श्रमिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। श्रम विभाग और नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर मिलकर भवन निर्माण और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए दो एप तैयार किए हैं। इनके जरिए योग्यता के अनुसार रोजगार की जानकारी सीधे मोबाइल पर मिलेगी।

जिले में भवन निर्माण और असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिक इस व्यवस्था से जोड़े जाएंगे। इसके लिए ‘‘श्रम सेतु’’ और ‘‘ऑनलाइन लेबर चौक’’ एप तैयार किए गए हैं। ‘‘श्रम सेतु’’ एप श्रमिकों का डिजिटल पंजीयन, रिकॉर्ड और पहचान पत्र तैयार करेगा, जबकि ‘‘ऑनलाइन लेबर चौक’’ एप मजदूरों और काम देने वाले नियोक्ताओं को सीधे जोड़ने का काम करेगा। इससे मजदूर को भी आसानी होगी।

ऑनलाइन लेबर चौक से जीपीएस के जरिए मिलेगा रोजगार

दूसरा एप ‘‘ऑनलाइन लेबर चौक’’ श्रमिकों और नियोक्ताओं को सीधे जोड़ने का काम करेगा। इसमें श्रमिक ^^I am a Worker** विकल्प चुनकर अपना नाम, मोबाइल नंबर और प्रोफाइल तैयार कर सकेंगे। श्रमिक अपनी योग्यता और कौशल जैसे हेल्पर, राजमिस्त्री, कारपेंटर, प्लंबर आदि की जानकारी दर्ज करेगा। एप में उसकी वर्क हिस्ट्री, अनुभव, वेतन और रेटिंग भी दिखाई देगी। मजदूर अपनी लोकेशन और काम की दूरी तय कर नौकरी तलाश सकेगा।

मालिक सीधे कर सकेंगे श्रमिकों की तलाश

एप पर नियोक्ताओं के लिए अलग सुविधा होगी। मकान मालिक, ठेकेदार और निर्माण कंपनियां ^^I am an Employer** विकल्प से जुड़ सकेंगी। नियोक्ता एप पर काम का प्रकार, श्रेणी, तारीख, काम के दिन, पता, समय और जरूरी सुविधाओं की जानकारी डालकर नौकरी पोस्ट कर सकेंगे। इसमें पानी, भोजन, रहने की व्यवस्था, सुरक्षा उपकरण और फर्स्ट एड जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दर्ज की जा सकेगी। एप में चौट और कॉल सुविधा के जरिए श्रमिक से संपर्क कर सकेंगे और पसंद आने पर ^^Hire Now** विकल्प से सीधे काम पर रख सकेंगे। इस डिजिटल व्यवस्था से श्रमिकों को रोजगार तलाशने में आसानी होगी।

श्रम सेतु एप से बनेगा डिजिटल श्रमिक कार्ड

श्रम सेतु एप के जरिए श्रमिक घर बैठे अपना ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। इसके लिए श्रमिक को अपनी एसएसओ आई डी और पासवर्ड से एप में लॉगिन करना होगा। एप में हिंदी और अंग्रेजी भाषा का विकल्प भी उपलब्ध होगा।

लाभार्थी पंजीकरण की प्रक्रिया

लॉगिन के बाद श्रमिक को ‘‘लाभार्थी पंजीकरण’’ विकल्प चुनकर जन आधार आईडी दर्ज करनी होगी। जन आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पूरा होते ही श्रमिक का नाम, पिता का नाम और स्थायी पता जैसी जानकारी सरकारी रिकॉर्ड से स्वतः एप में दर्ज हो जाएगी। इसके बाद श्रमिक को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता, वैवाहिक स्थिति, ईएसआई नंबर, ईपीएफ नंबर, पैन कार्ड और ई-श्रम कार्ड नंबर जैसी जानकारी शामिल होगी।

श्रमिकों के कार्यो का एक साल का विवरण भी दर्ज होगा

श्रमिक को पिछले 12 महीने में किए गए काम का विवरण भी दर्ज करना होगा। इसमें निर्माण स्थल, काम की अवधि, काम के दिनों की संख्या और संबंधित ठेकेदार या नियोक्ता का नाम व मोबाइल नंबर शामिल होगा। श्रम सेतु एप में श्रमिक अपने परिवार के सदस्यों और नॉमिनी की जानकारी भी दर्ज कर सकेगा।


—00—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!