भैसोदा (जगदीश पोरवाल) । नगर परिषद भैसोदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल) में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनु प्रिया विनीत यादव, नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री अजय पौराणिक, परिषद उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा ,मंडल महामंत्री अरविंद भील ठाकुर, नगर परिषद पार्षद मनोहर सैनी, पार्षद प्रतिनिधि श्याम गुर्जर और हेमंत गुर्जर उपस्थित रहे। इसके साथ ही विद्यालय के प्राचार्य (प्रिंसिपल ) एवं समस्त शिक्षक गण भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
शिक्षा के सफर को मिलेगी नई उड़ान
अतिथियों ने सभी लाभार्थी छात्र-छात्राओं को साइकिलें सौंपते हुए उन्हें बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के सफर को आसान बनाने वाली ये साइकिलें ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुगमता प्रदान करेंगी। इससे न सिर्फ उनका समय बचेगा, बल्कि उनके हौसलों को एक नई उड़ान भी मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी प्रिय छात्र-छात्राओं के सुखद, बाधा रहित और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा— “आप सब खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन करें।” साइकिल पाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने शासन व नगर परिषद का आभार व्यक्त किया।

