ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की बड़ी पहल, पीएम श्री पोद्दार विद्यालय में प्रवेश की तिथि 25 जुलाई तक बढ़ी


कक्षा 9 से 12 तक अब 25 जुलाई तक होंगे प्रवेश, कक्षा 1 से 8 तक पूरे सत्र भर खुली रहेगी नामांकन प्रक्रिया

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) शिक्षा से वंचित और बीच में पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर के आदेशानुसार राज्य के विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जुलाई 2026 कर दी गई है। इससे पहले यह तिथि 11 जुलाई निर्धारित थी।

इस निर्णय से उन अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी जो किसी पारिवारिक, सामाजिक अथवा आर्थिक कारणों से अब तक अपने बच्चों का प्रवेश नहीं करा पाए थे। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करते हुए अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बालक-बालिकाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ना है।

भवानीमंडी स्थित पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पोद्दार विद्यालय आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान बन चुका है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

विद्यालय प्रशासन ने नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए अपने बच्चों का शीघ्र प्रवेश कराएं। साथ ही नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा शिक्षा से वंचित है या बीच में पढ़ाई छोड़ चुका है, तो उसे विद्यालय लाकर नामांकन कराने में सहयोग करें।

कक्षा 9 से 12: प्रवेश की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026।
कक्षा 1 से 8: प्रवेश पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान जारी रहेंगे।
मुख्य उद्देश्य: अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना।

अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना विद्यालय समय में पहुँचकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग से ही शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!