भवानीमंडी की आशा वर्मा परिवार कल्याण में अव्वल, विश्व जनसंख्या दिवस पर होंगी सम्मानित


झालावाड़ जिला भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित, 11 जुलाई को वर्चुअल समारोह में मिलेगा सम्मान

भवानी मंडी (जगदीश पोरवाल )
भवानीमंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की एलएचवी श्रीमती आशा वर्मा ने परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर जिले का नाम रोशन किया है। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय वर्चुअल समारोह में उन्हें व्यक्तिगत श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

प्रोत्साहन पुरस्कार योजना 2025-26 के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में झालावाड़ जिला भी जनसंख्या स्थायित्व कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदेश में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित होगा। वहीं अंश एड पैरा मेडिकल फाउंडेशन को एनजीओ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर प्रशस्ति पत्र एवं 2 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

समारोह में पंचायत समिति डग के प्रधान, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी चौमहला के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, पीएचसी रीछवा के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, तथा भालता, कुमठिया, सलोतिया और सारोला कलां ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं एएनएम को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान के निर्देशानुसार 11 से 18 जुलाई 2026 तक विश्व जनसंख्या दिवस सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। अभियान के दौरान योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन, विवाह की उचित आयु, पहले बच्चे में उचित अंतराल तथा आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. अरविंद कुमार नागर ने बताया कि जिले ने गत वर्ष महिला नसबंदी, पीपीआईयूसीडी तथा अंतरा इंजेक्टेबल सहित विभिन्न परिवार कल्याण कार्यक्रमों में लक्ष्य से बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि झालावाड़ जिला पिछले 10 वर्षों से लगातार प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में स्थान बनाए हुए है और इस वर्ष भी सभी स्वास्थ्य सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का लक्ष्य रखा गया है।

11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर वर्चुअल सम्मान समारोह।
भवानीमंडी की एलएचवी आशा वर्मा व्यक्तिगत श्रेणी में प्रथम, मिलेगा ₹10,000 व प्रशस्ति पत्र।
झालावाड़ जिला जनसंख्या स्थायित्व कार्यक्रम में प्रदेश में चौथे स्थान पर सम्मानित।
11 से 18 जुलाई तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलेगा।
अभियान की थीम — “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!