पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय विद्यालय में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे’ के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भवानीमंडी, 7 जुलाई। (जगदीश पोरवाल)
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य और सपनों को पूरा करने का संकल्प लेना चाहिए। नशा केवल शरीर ही नहीं, बल्कि भविष्य और परिवार को भी बर्बाद कर देता है। यह बात अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजीव दत्तात्रेय ने पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झालावाड़ के संयुक्त तत्वावधान में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे” अभियान के अंतर्गत “Say No to Drugs, Say Yes to Your Dreams” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजीव दत्तात्रेय का विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता एवं विद्यालय परिवार ने स्वागत किया।
अपने संबोधन में न्यायाधीश दत्तात्रेय ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। यदि विद्यार्थी नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और संस्कार को अपनाएं तो वे स्वयं, परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता की तथा जीवन में कभी भी नशे की ओर कदम नहीं बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं न्यायिक विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

