कोटा मंडल में एक वर्ष में 35,864 यात्रियों को मिला निःशुल्क अपग्रेडेशन का लाभ

जनसंदेश ( जगदीश पोरवाल )

कोटा जंक्शन से सर्वाधिक 25,033 यात्रियों को उच्च श्रेणी में यात्रा का अवसर, मंडल के 27 स्टेशनों के यात्रियों को मिली सुविधा

कोटा। यात्रियों को अधिक आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा लागू की गई निःशुल्क अपग्रेडेशन सुविधा का कोटा मंडल के हजारों यात्रियों को उल्लेखनीय लाभ मिला है। इस व्यवस्था के तहत यदि उच्च श्रेणी में सीटें रिक्त रहती हैं और यात्री टिकट बुकिंग के समय अपग्रेडेशन विकल्प का चयन करता है, तो रेलवे प्रणाली द्वारा उसे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के स्वतः उच्च श्रेणी में यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान कोटा मंडल के 27 स्टेशनों से यात्रा करने वाले 35,864 यात्रियों को 20 ट्रेनों में निःशुल्क उच्च श्रेणी अपग्रेडेशन का लाभ मिला।

श्री जैन ने बताया कि यह व्यवस्था यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलगाड़ियों में उपलब्ध सीटों के अधिकतम उपयोग को भी सुनिश्चित करती है। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को आरक्षित बर्थ उपलब्ध होने की संभावना बढ़ती है और उपलब्ध सीटों का प्रभावी प्रबंधन भी संभव हो पाता है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि टिकट बुकिंग के दौरान अपग्रेडेशन (Upgrade) का विकल्प अवश्य चुनें, ताकि सीट उपलब्ध होने पर वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उच्च श्रेणी में यात्रा की इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!