कोटा मंडल में चलती ट्रेनों में पिलाई गई पोलियो की दवा, पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

जनसंदेश न्यूज़

कोटा। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल में तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। डीआरएम श्री अनिल कालरा एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रभारी डॉ. मनीषा शर्मा के निर्देशन में यह अभियान 28 जून से 30 जून 2026 तक चलाया गया। इस अभियान के तहत मंडल में कुल 4,741 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई, जिसमें रेलवे परिवारों के 1,006 और गैर-रेलवे परिवारों के 3,735 बच्चे शामिल हैं।

​चलती ट्रेनों में दी गई सुरक्षा खुराक

​अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने और यात्रियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रेलवे द्वारा विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने रुठियाई एवं चितौड़गढ़ दिशा में चलने वाली चार प्रमुख ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों को चलती ट्रेन में ही पोलियो की खुराक पिलाई।

इन ट्रेनों में मुस्तैद रहीं मोबाइल टीमें:

  • ​19818 (यमुना ब्रिज आगरा–रतलाम हल्दीघाटी एक्सप्रेस)
  • ​19817 (रतलाम–आगरा फोर्ट हल्दीघाटी एक्सप्रेस)
  • ​11603 (कोटा–बीना मेमू एक्सप्रेस)
  • ​11604 (बीना–कोटा मेमू एक्सप्रेस)

​स्टेशनों पर 24 घंटे तैनात रहीं टीमें

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे हॉस्पिटल द्वारा स्थापित विशेष कैंप में मेडिकल टीमें 24 घंटे शिफ्ट में तैनात रहीं। इसके साथ ही एमबीएस हॉस्पिटल की ओर से भी कोटा स्टेशन पर एक अलग पोलियो बूथ संचालित किया गया था।

​कोटा के अलावा मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों जैसे न्यू कोटा, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, बाराँ एवं बयाना पर भी टीकाकरण बूथ सक्रिय रहे, जिससे स्थानीय रेलवे परिवारों के साथ-साथ यात्रा कर रहे आम नागरिकों के बच्चों को भी इस सुरक्षा कवच के दायरे में लाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!