र
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर झालावाड़ को प्रदेश का रोल मॉडल बनाने के दिए निर्देश
झालावाड़, 30 जून। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग के विभिन्न लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें।
लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
बैठक में गैर खातेदार के धारा 14(4) के प्रकरणों, राजस्व, रोड, पीडीआर एवं एलआर एक्ट के तहत वसूली प्रकरणों, ऑनलाइन नामांतरण, सीमाज्ञान एवं सहमति विभाजन के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए झालावाड़ जिले को प्रदेश में राजस्व निस्तारण के क्षेत्र में रोल मॉडल बनाने की दिशा में कार्य करें।
जन सुनवाई एवं संपर्क पोर्टल के प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करें
जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय जन सुनवाई, संपर्क पोर्टल एवं पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
भूमि रूपांतरण एवं विभागीय जांचों की समीक्षा
बैठक में भूमि रूपांतरण के लंबित प्रकरणों, प्रारंभिक जांच, 16 एवं 17 सीसीए से संबंधित विभागीय जांचों तथा ई-फाइल पोर्टल के पेंडिंग प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
भूमि आवंटन एवं पट्टों के निर्गमन में तेजी लाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों को भूमि आवंटन एवं पट्टे जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आमजन को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने तथा अधिकाधिक पट्टों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण, पारदर्शी प्रशासन एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की बेहतर क्रियान्विति के लिए सभी अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें तथा शासन की मंशानुरूप आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अनुराग भार्गव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
——००——
