श्री गोपाल गौशाला में पुरुषोत्तम मास के त्रिदिवसीय उत्सव का भव्य शुभारंभ; 40 किलो आमों से सजी आकर्षक झांकी

भवानीमंडी। बायपास रोड स्थित श्री गोपाल मंदिर (श्री गोपाल गौशाला) में पुरुषोत्तम (पुष्योत्तम) मास के पावन उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय धार्मिक उत्सव का गुरुवार को भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। उत्सव के पहले ही दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

​प्रथम दिन: परम एकादशी पर ‘आम्रकुंज झांकी’ ने मोहा मन

​उत्सव के प्रथम दिवस परम एकादशी के विशेष अवसर पर भगवान का विशेष अभिषेक और श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर में भव्य आम्रकुंज झांकी सजाई गई। भगवान श्रीकृष्ण के इस मनमोहक स्वरूप को लगभग 40 किलोग्राम रसीले आमों से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में आए भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।

​आज के कार्यक्रम: नाव मनोरथ और छाक महोत्सव का रहेगा आकर्षण

​मंदिर प्रबंधक वैभव आचोलिया एवं गोविंद भराड़िया ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के दूसरे दिन (12 जून) कई विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे:

  • सायं 4:00 बजे: नाव मनोरथ एवं जल विहार दर्शन
  • सायं 5:00 बजे: गोचरण एवं छाक महोत्सव
  • सायं 6:45 बजे: खाटूश्याम बाबा की भव्य ज्योत

पुरुषोत्तम मास के चलते मंदिर में प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से कृष्ण भजनों एवं सत्संग का प्रवाह भी अनवरत जारी है।

​श्रद्धालुओं और गौभक्तों से सहयोग की अपील

​प्रबंधन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और गौभक्तों से अनुरोध किया है कि वे परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में पहुंचकर धर्म लाभ उठाएं। साथ ही, गौशाला के सभी सक्रिय सदस्यों से विशेष निवेदन किया गया है कि वे समय पर उपस्थित होकर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!