भवानीमंडी। उपखंड क्षेत्र के ग्राम बिसतुनिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में लायंस क्लब रायल के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
क्लब सदस्य अख़्तर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि लायंस क्लब रायल के अध्यक्ष एमजेएफ कालू लाल सालेचा ने अपने पिता की पुण्य स्मृति में आयोजित इस समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 75 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरपंच मदन सिंह राठौड़ एवं कालू लाल सालेचा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, माता-पिता का सम्मान करने तथा अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में पूर्व उपसरपंच नारायण सिंह, गौशाला सदस्य शंकर सिंह, विनय कुमार सालेचा, गोपाल सिंह, एचएमसी अध्यक्ष नारायण सिंह, अभय कुमार चौरड़िया, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

