भवानीमंडी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार 25 मई 2026 को भवानीमंडी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के बाद उपखंड अधिकारी को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता अख़्तर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम सोमवार प्रातः 11 बजे आयोजित होगा। धरना प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड़ सिंह परमार के नेतृत्व में किया जाएगा। कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी नेमी गुर्जर एवं विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों, महंगाई और नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। भवानीमंडी में भी इन मुद्दों के साथ-साथ क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, पूर्व जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
