भवानीमंडी: व्यापारी पर जानलेवा हमला कर चेन स्नेचिंग का प्रयास, सिर पर लठ के तीन वार सहकर भी व्यापारी ने लुटेरे को दबोचा

नेहरू पार्क के पास सनसनीखेज वारदात; मंकी कैप और हेलमेट पहनकर पूरी प्लानिंग से आया था बदमाश; घायल व्यापारी के सिर में आए 3 टांके, बहादुर पिता-पुत्र ने आरोपी को पुलिस को सौंपा

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )स्थानीय नेहरू पार्क के समीप शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक लुटेरे ने पूरी प्लानिंग के साथ व्यापारी पर जानलेवा हमला कर सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। लेकिन व्यापारी की सूझबूझ और अदम्य साहस के आगे लुटेरे के हौसले पस्त हो गए। सिर पर लठ के तीन घातक प्रहार झेलने के बाद भी लहूलुहान व्यापारी ने आरोपी को कसकर दबोचे रखा और शोर मचाकर अपने पुत्र की मदद से उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हरे रंग की टेप और कट्टे में हथियार: पूरी प्लानिंग से आया था बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल मीणा उर्फ मुन्ना (60) पिता घासीलाल निवासी बालाजी चौराहा, इस वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी के साथ आया था। पहचान छुपाने के लिए अपनी स्कूटी को पास की गली में खड़ा किया उसने मुंह पर मंकी केप पहनकर सिर पर हेलमेट लगाया। यही नहीं, उसने अपनी स्कूटी की नंबर प्लेट पर हरे रंग की टेप चिपका रखी थी ताकि कोई गाड़ी का नंबर नोट न कर सके। हाथ में एक कट्टा (बारदान) लेकर पैदल ही दुकान की तरफ बढ़ा। इस कट्टे के भीतर उसने लगभग 3 फुट लंबा लठ और एक धारदार चाकू छिपा रखा था।

अर्थी के बांस मांगने के बहाने दुकान में घुसकर किया जानलेवा हमला

नवीन पिरोदिया ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे दुकान के मालिक नवीन पिरोदिया नेहरू पार्क स्थित अपनी बांस-बल्ली (लक्कड़ पीठे) की दुकान खोल रहे थे। तभी आरोपी वहां पहुंचा। उसने आते ही कहा कि अर्थी के लिए बांस चाहिए।
जैसे ही नवीन पिरोदिया बांस निकालने के लिए दुकान के अंदर गए, आरोपी भी कट्टा हाथ में लिए पीछे-पीछे अंदर घुस गया। अंदर पहुंचते ही आरोपी ने कट्टे में से लठ निकाला और व्यापारी नवीन पिरोदिया के सिर पर ताबड़तोड़ एक के बाद एक तीन जानलेवा वार कर दिए व सोने की चैन झपटकर भगाने का प्रयास किया ।


चाकू दिखाने पर भी नहीं छोड़ी पकड़

पहला वार लगते ही दुकानदार नीचे गिर गए और उनके सिर से खून की धार बह निकली। इस जानलेवा हमले के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तत्परता दिखाते हुए लुटेरे नटवर को अपनी बाहों में कसकर जकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। खुद को फंसता देख लुटेरे ने कट्टे में से चाकू निकाला और उन पर और हमला करने व डराने का प्रयास किया, साथ ही गले से सोने की चेन खींच ली । व्यापारी ने बताया कि जैसे वह चेन खींचकर भागने लगा इस छीना झपटी में चैन सड़क पर गिर गई । परंतु गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी पिरोदिया ने अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी।

पुत्र अक्षय ने आकर दबोचा, घायल दुकानदार को अस्पताल ले गये

दुकानदार के चिल्लाने की आवाज सुनकर ऊपर मकान में मौजूद उनका पुत्र अक्षय पिरोदिया तुरंत नीचे दौड़कर आया। पिता पर हुए इस जानलेवा हमले को देख उसने तुरंत मोर्चा संभाला और पिता-पुत्र दोनों ने मिलकर लुटेरे को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद तुरंत भवानीमंडी थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ले गई ।
इस घातक हमले में सिर और हाथ में गंभीर चोटें आने के कारण व्यापारी नवीन पिरोदिया को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, उनके सिर में तीन टांके आए

थाना अधिकारी ने किया घटनास्थल का मौका मुआयना

थाना अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृट्या चेन स्नेचिंग जैसी कोई घटना नजर नहीं आ रही है ।सीसीटीवी फुटेज देखने के आधार पर तो ऐसा लग रहा है कि आरोपी निर्मल मीणा उर्फ मुन्ना पूरी तैयारी के साथ दुकानदार की पिटाई करने आया था । फिलहाल व्यापारी और आरोपी दोनों का मेडिकल करवा दिया गया है । साथ ही उन्होंने बताया कि आरोपी मुन्ना के घर वालों ने कहा कि मानसिक रोग की दवाइयां चल रही है , वह अस्पताल में भर्ती है ।थाना अधिकारी ने बताया कि निर्मल मीणा उर्फ मुन्ना के खिलाफ भवानीमंडी थाने में कोई आपराधिक रिकार्ड दर्ज नहीं है ।



थाना अधिकारी प्रमोद कुमार ने प्रातः 10:00 बजे नेहरू पार्क स्थित व्यापारी नवीन पिरोदिया की दुकान पहुंच कर दुकान के अंदर का पूरा मौका मुआयना किया व घटना के बारे में पूरी जानकारी ली ,और कहा कि थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दीजिए ।

यह दुस्साहसिक और जानलेवा वारदात भवानीमंडी में चर्चा का विषय बनी हुई है। क्षेत्र के व्यापारी और आम लोग दुकानदार नवीन पिरोदिया और उनके पुत्र अक्षय पिरोदिया की इस असाधारण बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!