बंशीलाल पोरवाल जावरा
हुसैन टेकरी चौराहे से जोयो तिराहे तक एलाइनमेंट निरस्त होने के चार माह बाद भी रजिस्ट्री शुरू नहीं होने से नाराज जन संघर्ष समिति एवं सैकड़ों किसान-व्यापारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। समिति ने उप पंजीयक कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।प्रदर्शन के दौरान समिति सदस्यों ने उप पंजीयक से सीधा सवाल किया कि जब 14 जनवरी 2026 को कलेक्टर द्वारा एलाइनमेंट निरस्त कर दिया गया था, तो फिर अब तक रजिस्ट्री पर रोक क्यों बनी हुई है।
इस पर उप पंजीयक कोई संतोषजनक या लिखित जवाब नहीं दे पाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैध आदेश के केवल मौखिक निर्देशों के आधार पर हजारों परिवारों की जमीन को बंधक बनाकर रखा गया है, जो प्रशासन की मनमानी और तानाशाही को दर्शाता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मौके पर पहुंचे और मीडिया के सामने स्पष्ट घोषणा की कि 27 मई 2026 से रजिस्ट्री प्रक्रिया पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी।
एसडीएम के इस आश्वासन के बाद जन संघर्ष समिति ने फिलहाल अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।हालांकि समिति ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी भी दे दी है। समिति का कहना है कि यदि 27 मई तक रजिस्ट्री शुरू नहीं की गई, तो 28 मई 2026 को सभी प्रभावित किसान-व्यापारी एसडीएम कार्यालय के बाहर महू-नीमच फोरलेन को जाम करेंगे। ऐसी स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में जन संघर्ष समिति के सुनील पोखरना, मनोज मेहता, डी.पी. धाकड़, राजेश कोठारी, रंजीत सिंघल, असलम मेव, राजेश भरावा, जीतू मालवीय, यूसुफ पठान, गुड्डू पठान, मुकेश धाकड़, जगदीश सोलंकी, आर.डी. धाकड़, आकाश जाजोदिया, नंदकिशोर राठौर, दिनेश सैनी, मोहम्मद हुसैन, भुरु रईस कुरैशी, मोहन सैनी, सैयद इख्तियार अली, जीवन सैनी, हैदर पटेल, सिकंदर मेव, शाहरुख, डेविड शाहिद, सवेरा इमरान बोरदा, रहीम चाचा सहित बड़ी संख्या में पीड़ितजन मौजूद रहे।

