भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए आगे आए सामाजिक संगठन, शहरभर में लगाए जा रहे परिंडे


भवानीमंडी। भीषण गर्मी के दौर में बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भवानीमंडी की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं सराहनीय पहल कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को भारत विकास परिषद शाखा भवानीमंडी एवं दावत-ए-इस्लामी इंडिया के डिपार्टमेंट गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए।

भारत विकास परिषद शाखा भवानीमंडी द्वारा नीलकंठ मुक्तिधाम, कालवा स्थान एवं आसपास के क्षेत्रों में 31 परिंडे लगाए गए तथा उनमें नियमित पानी भरने की व्यवस्था भी की गई। परिषद के मीडिया प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि झालावाड़ नागरिक सहकारी बैंक भवानीमंडी के सहयोग से इस वर्ष 101 परिंडे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुक्तिधाम, शिवालय, अदालत परिसर, रेलवे स्टेशन, गोपाल गौशाला, बान्डीयाबाग, कालवा स्थान मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर परिंडे लगाए जा रहे हैं।

गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन द्वारा भी शहर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गये

वहीं दावत-ए-इस्लामी India के डिपार्टमेंट गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन द्वारा भी शहर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया गया। इस दौरान संस्था के जिम्मेदार फरीद उद्दीन, आफताब भाई, अल्ताफ सर, मदरसा फैजान-ए-गरीब नवाज़ के शिक्षक समीर अत्तारी एवं मदरसे के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शहरवासियों ने दोनों संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!