बंशी लाल पोरवाल जावरा
रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र में एक पटवारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी है। मृतक की पहचान रविशंकर खराड़ी के रूप में हुई है, जिन्होंने कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर यह गंभीर कदम उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने नायब तहसीलदार सविता राठौर का नाम लिखते हुए उन पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस खुलासे के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है तथा प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
सूचना मिलते ही आलोट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखे आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिकारियों के व्यवहार पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
