हवालात में आरोपी ने नाड़े से फांसी लगाकर दी जान, दुष्कर्म के आरोप में था गिरफ्तार – पुलिस महकमे में मचा हड़कंप


जावरा ।बंशी लाल पोरवाल
रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी को उसकी ही 16 वर्षीय बेटी द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप के चलते बुधवार शाम करीब 9:40 बजे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी पेशे से किसान बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे नामली थाने की हवालात में रखा गया था।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2:30 बजे आरोपी ने अपने पजामे के नाड़े से हवालात में ही फांसी लगा ली। सुबह करीब 4 बजे बंदी सुरक्षा के दौरान पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विवेक सोनकर, डीएसपी अजय पाटीदार सहित पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। हवालात में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी को अकेले ही यह कदम उठाते हुए देखा गया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और झूठे केस में फंसाया गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में एक दिन पहले ही नामली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पूरे मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है।

फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं – क्या हवालात में सुरक्षा में चूक हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!