बंशी लाल पोरवाल जावरा
रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बेहद दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश विशेष सशस्त्र बल की 24वीं बटालियन परिसर में घुस गए और एक आरक्षक के सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने आरक्षक अनिल अटोलिया के सरकारी आवास का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 80 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने आसपास के तीन अन्य सरकारी क्वार्टरों के ताले भी तोड़े, हालांकि वहां से क्या सामान चोरी हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी 14 अप्रैल की देर शाम पुलिस को मिली, जिसके बाद से लगातार जांच जारी है। 15 अप्रैल को रतलाम एसपी अमित कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी के तरीके (पैटर्न) को समझा। उन्होंने थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24वीं बटालियन के कमांडेंट गुरुकरण सिंह ने जावरा स्थित कैंपस के साथ ही सोहनगढ़ और बंजली परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने की योजना बनाई है।
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अक्टूबर 2022 में भी चोर बटालियन परिसर में घुसकर एक आरक्षक की पिस्तौल और जिंदा कारतूस चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा भी यहां छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस तरह की वारदात से आम लोगों में भय का माहौल बन गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पुलिसकर्मी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच, पूछताछ और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
