विकास कार्यों में लापरवाही पर भड़के वार्डवासी, बार-बार शिकायतों के बाद हरकत में आया प्रशासन विधायक को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग

| बंशी लाल पोरवाल जावरा
जनसंदेश

जावरा नगर के वार्ड क्रमांक 9 में स्थित वाल्मीकि बस्ती और आर्शीवाद कॉलोनी की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर अब वार्डवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान नागरिकों ने एकजुट होकर स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि वाल्मीकि बस्ती के हालात बेहद दयनीय हैं। यहां नालियों की स्थिति जर्जर है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और रहवासियों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि पानी की पाइपलाइन भी नालियों के भीतर से होकर गुजर रही है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

बस्ती के अधिकांश लोग नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उन्हें ही बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जाना कई सवाल खड़े करता है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है।

नाली निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया में भी लापरवाही सामने आई है। क्षेत्र वार्ड 9 में होने के बावजूद टेंडर वार्ड 8 के नाम से जारी किया गया, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। इसके बाद अब तक नया टेंडर जारी नहीं होने से कार्य अधर में लटका हुआ है।

वहीं, अमृत योजना के अंतर्गत लगभग 5 माह पूर्व डाली गई पानी की पाइपलाइन आज तक अनुपयोगी पड़ी है। किसी भी घर में नल कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है और सड़क खुदाई के बाद मरम्मत भी नहीं की गई, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

इसी के साथ आर्शीवाद कॉलोनी के रहवासियों ने भी अपनी समस्याओं को ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया। कॉलोनी में नाली निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की स्थिति बनी रहती है। साथ ही बगीचे के सीमांकन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लगातार शिकायतों के बाद हाल ही में नवागत सीएमओ चंद्रशेखर सोनी ने कॉलोनी का निरीक्षण कर समस्याओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान वार्ड अध्यक्ष, पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कासनिया एवं अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।

वार्डवासियों ने विधायक से मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया को पुनः शुरू कराते हुए नाली निर्माण, नल कनेक्शन, सड़क मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि उन्हें भी सम्मानजनक जीवन मिल सके।

प्रशासन की सक्रियता और विधायक को दिए गए ज्ञापन के बाद अब वार्डवासियों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान जल्द होगा और उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!