भवानीमंडी: नगर के रामनगर वार्ड क्रमांक 27 में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड में नाव के सामने वाली गली स्थित चार चौराहे पर सड़क की जर्जर हालत हादसों को न्योता दे रही है।
यह चौराहा एक तरफ सरस्वती स्कूल, दूसरी ओर गुर्जरों का खेड़ा और तीसरी ओर बागड़ी मोहल्ले को जोड़ता है, जिससे यहां दिनभर आवाजाही बनी रहती है। लेकिन सड़क पर फैले कंकर-पत्थरों और गड्ढों के कारण आए दिन मोटरसाइकिल सवार फिसलकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया गया।
मोहल्लेवासी फरीद ने बताया कि बागड़ी मोहल्ले से चौराहे तक करीब 500 फीट सड़क का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। करीब 6 महीने पहले शुरू हुआ यह काम बीच में ही छोड़ दिया गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोजाना इसी खराब सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।
