बंसीलाल पोरवाल
इंदौर शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जब मां सुस्वानी माता भक्त मंडल द्वारा रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दो दिवसीय भव्य आयोजन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 11 एवं 12 अप्रैल को बड़ा गणपति स्थित मोदी जी की नसिया में अत्यंत धूमधाम और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न होगा।
आयोजन समिति के प्रमुख सुनील सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पिछले 24 वर्षों से यह धार्मिक कार्यक्रम आराधना नगर स्थित मां सुस्वानी माता मंदिर में आयोजित होता आ रहा है, किंतु इस वर्ष स्थान की सीमितता को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल में परिवर्तन किया गया है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 11 अप्रैल को सायं 7:00 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक बाबू राजोरिया एवं महेश ठाकुर अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर करेंगे। इसी अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित एवं प्रबुद्धजनों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले प्रमुख अतिथियों में दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, आनंद गोधा, वरिष्ठ पत्रकार महावीर जैन, क्षेत्रीय पार्षद संध्या यादव, दीपक जैन (टीनू), सुनील गोधा, जयदीप जैन एवं अशोक चौहान (चांदू नेता) सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहेंगे।
दूसरे दिन 12 अप्रैल को प्रातः 11:30 बजे से वात्सल्य भोज एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होंगे
इस भव्य आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में श्री कैलाश विजयवर्गीय, आकाश विजयवर्गीय, संजय शुक्ला, सुदर्शन गुप्ता, नवीन गोधा, जैन पत्रकार परिषद के प्रदेश संयोजक दीपक दुग्गड़ एवं निरंजन सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति होगी।
पूरे आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है और आयोजन समिति द्वारा इसकी भव्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा।
