बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को प्रभावी बनाने के निर्देश, हर बेटी के जन्म पर पौधारोपण की अपील

झालावाड़, 10 अप्रैल। ( जगदीश पोरवाल ) महिला अधिकारिता विभाग, झालावाड़ द्वारा शुक्रवार को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जिला टास्क फोर्स’ तथा महिला समाधान समिति की संयुक्त बैठक मिनी सचिवालय सभागार में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि झालावाड़ की बेटियां एवं महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। वर्तमान में जिला महिलाओं की सुरक्षा के मामले में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने सभी विभागों को महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

टॉपर्स बालिकाओं को किया जाएगा सम्मानित

जिला कलेक्टर ने ‘लाडो योजना’ की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी विद्यालयों की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की टॉपर बालिकाओं की सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि इन मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर अन्य बालिकाओं को भी प्रेरित किया जा सके।

हर बेटी के जन्म पर होगा पौधारोपण

‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत महिला अधिकारिता विभाग को आवंटित पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जन्म लेने वाली प्रत्येक बेटी के जन्म के अवसर पर उसके माता-पिता द्वारा पौधारोपण को प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से पक्षियों के संरक्षण हेतु घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे बांधने की भी अपील की।

पारिवारिक विवादों पर विशेष अभियान

जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में पारिवारिक विवादों के प्रकरण अधिक सामने आते हैं। ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा महिला समाधान समिति के माध्यम से प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

बाल विवाह रोकथाम पर सख्ती

बैठक में बाल विवाह रोकथाम को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त बैठक में ‘सखी केंद्र’ की प्रगति, भूमि आवंटन एवं अन्य प्रशासनिक विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक मनोज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नोट- फोटो एआई द्वारा निर्मित काल्पनिक है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!